दूल्हा और दुल्हन के बीच बैठकर तमंचे का प्रदर्शन करना युवक को पड़ा महंगा


खबरी न्यूज जौनपुर

कन्नौज:- वैवाहिक समारोह में जयमाल के दौरान दूल्हा और दुल्हन के बीच बैठकर तमंचे का प्रदर्शन करना युवक को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। तमंचा लहराने वाले युवक व उसके एक रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया गया।ठठिया थानाक्षेत्र के गांव सिखरजापुर निवासी राजबहादुर की बेटी अनीता की 14 दिसंबर को शादी थी। तिर्वा कोतवाली के गांव सेमपुर फिरोजपुर निवासी चंद्रभान उर्फ वीरू पुत्र राधेश्याम बरात लेकर आए थे। इस दौरान कई युवकों ने तमंचे से फायरिंग की। इसके बाद जयमाल के दौरान दूल्हा और दुल्हन के साथ तमंचे का प्रदर्शन कर फोटो खिंचवाई। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।


पुलिस ने दबिश देकर तमंचा लहराने वाले अजय उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया। अजय के पिता किसान हैं। वह मजदूरी करता है। पुलिस ने रात में अजय के एक रिश्तेदार को भी पकड़ा है। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


दुल्हन के पिता पर कोविड की धारा लगी पुलिस ने दुल्हन के पिता समेत बारह लोगों के खिलाफ कोविड नियमों के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की है। उप निरीक्षक हरीश कुमार ने दुल्हन के पिता राजबहादुर गौतम, अजय उर्फ बिल्लू पुत्र राम स्वरूप निवासी सिखरजापुर, पिंटू निवासी शिवराजपुर कानपुर नगर समेत बारह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बिल्लू पर तमंचा लहराने, पिंटू पर साथ देने और अन्य पर कोविड नियमों के उल्लंघन की धारा लगाई गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post