सैफई में अखिलेश यादव बनवा रहे कृष्ण की मूर्ति, साझा की तस्वीर

अखिलेश यादव ने साझा की ये तस्वीर
खबरी न्यूज जौनपुर
उत्तर प्रदेश:- अखिलेश यादव अपने गांव सैफई में कृष्ण की एक बड़ी मूर्ति बनवा रहे हैं। जब यूपी की राजनीति राममय होती दिख रही है, ऐसे वक्त में अखिलेश ने कृष्ण का सहारा लिया है।
 
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू हो गई है। अयोध्या में राम मंदिर की नींव पड़ने के बाद से ही कई राजनीतिक पार्टियों की ओर से ब्राह्मणों को लेकर राजनीति की जा रही है, राम से लेकर परशुराम तक पर बयान दिए जा रहे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अलग राह चुनी है, राम पर जारी सियासत के बीच अखिलेश श्रीकृष्ण की मूर्ति के साथ नज़र आए।

दरअसल, कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वो पत्नी डिंपल यादव के साथ नज़र आ रहे हैं। पीछे कृष्ण की एक बड़ी-सी मूर्ति दिख रही है, जो अखिलेश यादव अपने परिवार के पैतृक गांव सैफई में बनवा रहे हैं।

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘जय कान्हा जय कुंजबिहारी जय नंद दुलारे जय बनवारी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की सबको अनंत शुभकामनाएं’.

मूर्ति के सहारे चुनाव पर निगाहें!

दरअसल, बीते कुछ वक्त में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ ब्राह्मण समुदाय की नाराजगी सामने आई है। जिसकी वजह से हर राजनीतिक पार्टी ने अपना रुख बदला है, पहले कांग्रेस और फिर बसपा ने ब्राह्मण वोटबैंक में सेंध लगाने की कोशिश की वहीं, सपा ने अपने वोटबैंक को मजबूत करने के लिए कृष्ण का सहारा ले लिया है। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए हाल ही में अखिलेश यादव ने कैंपेन भी लॉन्च किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post