खबरी न्यूज़ जौनपुर
मुंबई:- अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति बड़े कारोबारियों में शुमार राज कुंद्रा पर पोर्न फिल्में बनाने और बेचने के आरोप हैं। उनके खिलाफ मालवानी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ है। जिसके बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया है। अब तीन दिन उनको पुलिस हिरासत में रहना होगा। राज के साथ एक अन्य आरोपी रयान थारप को भी 23 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया है। 23 जुलाई को फिर से कोर्ट उनके मामले की सुनवाई करेगा। उनकी जमानत पर भी अदालत में तभी फैसला होगा।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, राज कुंद्रा के खिलाफ उनके पास सारे पुख्ता सुबूत हैं। सोमवार को पहले राज कुंद्रा से क्राईम ब्रांच ऑफिस में पूछताछ की गई और पूछताछ के बाद राज को गिरफ्तार कर लिया गया। राज पर ना सिर्फ अश्लील फिल्में बनाने बल्कि उन्हें अलग अलग एप्स के जरिए बेचने का भी आरोप है। पुलिस का कहना है कि पोर्नोग्राफी के इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता राज कुंद्रा है, इसीलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि राज कुंद्रा के खिलाफ उनके पास कई पर्याप्त सबूत हैं। पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है।
फरवरी में संबंधित मामले में दर्ज हुई थी एफआईआर
वहीं मुंबई पुलिस ने एक बयान में कहा कि अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के माध्यम से उन्हें प्रसारित करने का मामला मुंबई अपराध शाखा में फरवरी 2021 में दर्ज किया गया था। हमने इस मामले में 19 जुलाई 2021 को राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया, क्योंकि वह इसमें मुख्य साजिशकर्ता प्रतीत होते हैं। हमारे पास इस बारे में पर्याप्त सबूत हैं। उपनगरीय मुंबई के मालवानी पुलिस स्टेशन में चार फरवरी को मामला दर्ज किया गया था। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एक महिला ने पुलिस से संपर्क किया था और अपनी शिकायत में कुछ आरोप लगाए थे, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अधिकारी ने आगे बताया कि इस आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और अपराध शाखा को मामला सौंपा गया। इससे पहले भी हमने अश्लील फिल्म बनाने के संबंध में मामले दर्ज किए थे, जिनमें एक अभिनेत्री और कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।
अधिकारी ने कहा, ''हम राज कुंद्रा के खिलाफ मामले की जांच करेंगे और यह पता लगाएंगे कि क्या इस मामले और पहले दर्ज किए गए अश्लील फिल्म संबंधी मामलों में कोई संबंध है।'' कुंद्रा के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 420 (धोखाधड़ी), 34 (सामान्य इरादा), 292 और 293 (अश्लील विज्ञापन से संबंधित) और आईटी अधिनियम एवं महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।



No comments:
Post a Comment