खबरी न्यूज जौनपुर
आजमगढ़:- जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के गंधुई गांव में बुधवार की रात पुलिस और बदमाशों में हुई मुठभेड़ में गोली लगने से 25 हजार का इनामी घायल हो गया। वह चार दिन पूर्व अहरौला इलाके में पेट्रोल पंप पर हुई लूट में वांछित था। पैर में गोली लगने पर उसको जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा।
पुलिस गन्धुई गांव में कोल्ड स्टोरेज के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक से आते दो लोग दिखाई दिए। पुलिस के रोकने पर उन लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में पेट्रोल पंप पर हुई डकैती में वांछित बदमाश चंद्रजीत उर्फ पत्तर पुत्र तिलकधारी निवासी हाटा थाना मेहनगर घायल हो गया।
उसके पास से पिस्टल, कारतूस व एक चोरी की बाइक बरामद हुई है। घायल बदमाश मेंहनगर का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर है। इसने अपने साथियों के साथ चार दिन पूर्व अहरौला क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप से शाम के समय हथियारों के बल पर लगभग एक लाख की लूट की थी। इस पर हत्या,लूट व अन्य संगीन धाराओं के 20 से अधिक अभियोग पूर्व से पंजीकृत हैं।
