सभासद हत्याकांड: बाला को मारी गई थी सात गोली, मड़ियाहूं के ब्लाक प्रमुख लालप्रताप यादव समेत तीन नामजद

खबरी न्यूज जौनपुर

जौनपुर:- सभासद बाला लखंदर यादव की हत्या के मामले में मड़ियाहूं के ब्लाक प्रमुख लालप्रताप यादव समेत तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। मृतक के छोटे भाई जितेंद्र यादव की तहरीर पर जौनपुर जंक्शन थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जीआरपी जांच में जुट गई है। मंगलवार को दोपहर बाद जीआरपी गोरखपुर रेंज के एसपी डॉ बृजेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शाम साढ़े तीन बजे परिजनों को सौंप दिया। जिला अस्पताल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस और मृतक के घर तक पुलिस बल की तैनाती की गई थी।


लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सैदनपुर निवासी और नगर पालिका के सभासद बाला लखंदर की सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक के पश्चिमी छोर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके सिर, सीने और पेट में कुल सात गोलियां लगी थी। मृतक के छोटे भाई जितेंद्र यादव की तहरीर पर जीआरपी ने मड़ियाहूं के ब्लाक प्रमुख लालप्रताप यादव, बक्शा के कोहड़े गांव निवासी राकेश यादव और सैदनपुर निवासी सुनील कुमार समेत अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना स्थल के पास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है पुलिस नईगंज की तरफ से सिटी स्टेशन की ओर आने वाले रास्तों के किनारे घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालने में जुटी है।


मोबाइल की तलाश में जुटी जीआरपी
जौनपुर। जीआरपी को मृत सभासद बाला यादव के मोबाइल फोन की तलाश है। उनके मोबाइल फोन का भी पता नहीं चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि देर रात तक जीआरपी कर्मी कह रहे थे कि मोबाइल उनके पास है लेकिन मंगलवार की सुबह इस बारे में कोई कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया। एसओ जीआरपी अरविंद कुमार सिंह का कहना है कि मोबाइल की तलाश की जा रही है। अभी तक की जांच में पता चला है कि प्रापर्टी के विवाद को लेकर घटना हुई है। तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। हत्यारे जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। 

Post a Comment

Previous Post Next Post